चिड़ावा। राजस्थान सरकार के आम बजट में वित्त मंत्री ने चिड़ावा क्षेत्र को भी सौगात दी है। जिससे क्षेत्र में खुशी की लहर है। हालांकि इसके बावजूद क्षेत्र की काफी मांगें अधूरी हैं और लोगों को काफी आशाएं थी, उनमें से कुछ मांग ही पूरी हुई है।
ये मांग हुई पूरी
सुलताना में नगरपालिका
सुलताना ग्राम पंचायत को अब नगरपालिका के रूप में क्रमोन्नत किया गया है। इस मांग को लेकर पहले भी काफी बार ग्रामीण सरकार के पास मांग कर चुके थे। अब आखिरकार मांग पूरी हुई है। यहां की जनसंख्या करीब 30 से 35 हजार के बीच है। नगरपालिका खुलने से क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी।
चिड़ावा में एसीजेएम कोर्ट मंजूर
चिड़ावा में वकीलों द्वारा काफी समय से वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब ये मांग भी पूरी हो गई है। बजट में एसीजेएम कोर्ट की घोषणा की गई है। वकीलों ने पिछली सरकार के समय तत्कालीन विधायक जेपी चंदेलिया के माध्यम से मांग कांग्रेस सरकार के पास पहुंचाई थी। लेकिन उस समय ये मांग अधूरी रही। अब चंदेलिया भाजपा में आ गए और वकीलों की ये मांग भी पूरी हो गई। वकील कल इसे लेकर जश्न मनाएंगे।

चिड़ावा उप जिला अस्पताल का होगा भवन निर्माण
चिड़ावा शहर को बजट में उप जिला अस्पताल के नए भवन निर्माण के लिए बजट मिला है। सीएचसी इंचार्ज सुमन लता कटेवा ने बताया कि बजट में आवंटित 300 करोड़ में से चिड़ावा उप जिला अस्पताल को भी बजट मिलेगा। नया भवन नया बस स्टैंड के पास अस्पताल को आवंटित जमीन पर बनेगा।
नहर का पानी आने की बंधी आस
चिड़ावा सहित क्षेत्र में ताजेवाला हेड से नहर का पानी आने की आस बंधी है। बजट में वित्तमंत्री ने ताजेवाला हेड से राजस्थान तक पानी भूमिगत पाइपलाइन से लाने के लिए 60 करोड़ का बजट प्रावधान किया है। किसानों के लिए बहुत बड़ी घोषणा है। इसको लेकर क्षेत्र में धरना भी चल रहा है।
ये मांग रही अधूरी
चिड़ावा में एडीएम ऑफिस की मांग
चिड़ावा में एएसपी ऑफिस की मांग
चिड़ावा में पीएचईडी एक्सईएन कार्यालय की मांग
चिड़ावा नगरपालिका को नगरपरिषद बनाने की मांग
चनाना में उपतहसील और नगरपालिका की मांग
मंड्रेला में नगरपालिका की मांग
