उदयपुर। रिपोर्ट टाइम्स।
मेवाड़ पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ की पार्थिव देह का आज शाही सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अरविंद सिंह मेवाड़ की पार्थिव देह को महासतिया में पंचतत्व में विलीन किया जाएगा। शाही परंपरा के अनुसार मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्यों की अंत्येष्टि महासतिया में ही होती है।
महासतिया में होगी पार्थिव देह की अंत्येष्टि
उदयपुर के पूर्व राजघराने के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का रविवार को निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शनों के लिए आज सिटी पैलेस में रखा गया, जहां हजारों लोग अरविंद सिंह मेवाड़ के अंतिम दर्शन करने पहुंचे। कुछ देर में सिटी पैलेस से अरविंद सिंह मेवाड़ की अंतिम यात्रा शुरु होगी, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए महासतिया पहुंचेगी। महासतिया में ही अरविंद सिंह मेवाड़ की पार्थिव देह को पंचतत्व में विलीन किया जाएगा।
अंतिम संस्कार की क्या है शाही परंपरा?
उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का महासतिया में शाही परंपरा से अंत्येष्टि की जाएगी। शाही परंपरा के मुताबिक सबसे पहले कुछ दरबारी महासतिया पहुंचे। इसके बाद अंत्येष्टि स्थल का चयन कर उसे गौमूत्र और गोबर-मिट्टी से साफ कर लीपा गया। इसके बाद अरविंद सिंह मेवाड़ की पार्थिव देह के महासतिया स्थित अंत्येष्टि स्थल पहुंचने पर उनकी पार्थिव देह को गंगाजल से स्नान कराया जाएगा। इसके बाद उन्हें भगवा वस्त्र पहनाकर कुछ आभूषण और तलवार रखी जाएंगी। इसके बाद मुखाग्नि दी जाएगी। अंत्येष्टि के बाद इस स्थल पर अरविंद सिंह मेवाड़ की स्मृति में स्मारक भी बन सकता है।
क्या है महासतिया अंत्येष्टि स्थल?
मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार में किसी भी सदस्य का देवलोकगमन होने पर उनकी अंत्येष्टि महासतिया में ही होती है। यह स्थान उदयपुर के आयड में गंगू कुड के पास आयड नदी के किनारे बना हुआ है। महासतिया का शाब्दिक अर्थ महान श्मशान भूमि माना जाता है। महासतिया में पूर्व राजपरिवार के दिवंगत सदस्यों के कई स्मारक बने हुए हैं। चारों तरफ पहाड़ियों से घिरी यह जगह एकदम शांत है, चारों तरफ काफी हरियाली भी है।