झारखंड । रिपोर्ट टाइम्स।
‘मां…’ यह शब्द अनमोल है. एक बेटे के लिए उसकी मां ईश्वर होती है. उसकी दुनिया होती है. लेकिन झारखंड के पलामू में अंधविश्वास में डूबी एक मां ने ममता को कलंकित करते हुए अपनी बेटी की बलि दे दी. घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अंधविश्वास के दलदल में इस कदर महिला तांत्रिक की बातों में फंसी कि डेढ़ साल की बेटी की हत्या कर दी. उसका सीना चीरकर दिल निकाल लिया. फिर उसे पकाकर खुद खाया और उस तांत्रिक को भी प्रसाद के रूप में खिलाया.
इतना ही नहीं, महिला निर्वस्त्र होकर बलि स्थल के पास नाचती रही. उसके मुताबिक, उसे लगा कि सिद्धियां प्राप्त होंगी, जिससे वह अपनी घर की आर्थिक स्थिति सुधार देगी. घटना पलामू के हुसैनाबाद थाना के खडारपर गांव की है. पुलिस ने आरोपी महिला गीता देवी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही बिहार के सासाराम के रहने वाले उसे तांत्रिक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी में जुट गई है, जिसके बहकावे में आकर महिला ने अपनी बेटी की बलि दे दी.
नग्न होकर किया तंत्र-मंत्र
- पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया है कि जपला बाजार से उसने चूड़ी, कपड़ा तथा पूजन की अन्य सामग्री की खरीदारी की। इसके बाद वापस आ गई।
- शाम होने पर वह अपने घर से लगभग दो किलोमीटर दूर सिकनी बरवाढोड़ा जंगल के पास सुनसान जगह पर बेटी के साथ पहुंची। आरोपी ने बताया कि वहां उसने तंत्र-मंत्र शुरू किया।
- पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी मां ने बच्ची को नग्न करने के बाद स्वयं नग्न हो गई। चूड़ी, वस्त्र तथा अन्य सामग्री से पूजा की।
- पूजा के बाद वह कुछ देर तक वहां नाची। इसके बाद चाकू से गला काटकर बच्ची की बलि दे दी। फिर चाकू से बच्ची के शरीर को टुकड़े-टुकड़े कर दिए।
बच्ची की लाश बरामद
थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि नग्न अवस्था में बच्ची की कटी लाश बरामद की गई है। आरोपी महिला ने अंधविश्वास में अपना आपा खो दिया था। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह डायन-बिसाही (काला-जादू) सीख रही थी। उसे स्वप्न आ रहा था कि मंत्र सिद्धि में उसके पति या संतान की बलि देनी होगी। इसके बाद बच्ची की बलि दी।
मां ने खा लिया बेटी का कलेजा
पुलिस को जांच के क्रम में मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला ने बच्ची का कलेजा निकालकर वहीं बैठकर खाया।फिर शव को मिट्टी में दफन कर नग्न अवस्था में ही अपने घर पहुंच गई। आसपास के लोगों ने उसे नग्न अवस्था में देखकर स्वजन को सूचना दी। दिल्ली में काम करता है पति बताया गया है कि आरोपी महिला का पति दिल्ली में काम करता है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपी महिला की सास भी उसे इस हालत में देख अवाक रह गई।सास ने जब आरोपी से बच्ची के बारे में पूछा तो उसने हत्या करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। बुधवार को गांव पहुंची पुलिस आरोपी महिला को गिरफ्तार कर घटनास्थल लेकर पहुंची।
