रिपोर्ट टाइम्स।
कच्ची हल्दी की सब्जी राजस्थान की परम्परागत सब्जी है जो शादी या अन्य मांगलिक अवसरों पर बनाई जाती है. कच्ची हल्दी की सब्जी सर्दियों के मौसम में बनाई जाती है, कच्ची हल्दी आती ही सर्दियों के मौसम में है. कच्ची हल्दी पीले कलर की अदरक की तरह गांठे होती है. हल्दी खाने में बहुत गरम होती है, जुकाम या सर्दी से होने वाले दर्द में लाभदायक है.
कच्ची हल्दी को देशी घी में तलकर सब्जी बनाते हैं ताकि उसका कड़वा स्वाद खाने में न आये, हल्दी की सब्जी बनाने में घी भी बहुत लगता है. हल्दी की सब्जी सिर्फ कच्ची हल्दी से बनाई जाती है. दूसरे तरीका में हल्दी के साथ सब्जी में मटर, गोभी दोंनो या मटर भी तल कर डाले जा सकते हैं.
आवश्यक सामग्री
- कच्ची हल्दी – 100 ग्राम
- दही – 1 कप (फैंटा हुआ)
- हरी मटर के दाने – 1/2 कप
- हरा धनिया – 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- घी – 1/3 कप
- नमक – 3/4 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- सौंफ पाउडर – 1 छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटी चम्मच
- बड़ी इलायची – 1
- दालचीनी- 1 टुकड़े
- लौंग – 3-4
- काली मिर्च – 6-7
- जीरा – 1/2 छोटी चम्मच
- हींग – 1 पिंच
- टमाटर – 1 (कटा हुआ)
- टमाटर – 1
- हरी मिर्च – 1
- अदरक – 1/2 इंच लम्बा टुकड़ा
विधि
हल्दी को चाकू से खुरचकर छीलिये और इसे पानी में डुबोकर धोकर कपड़े से पौंछ लीजिए. इस हल्दी को कद्दूकस कर लीजिये. टमाटर को बड़े टुकड़ों में काटिये. हरी मिर्च के डंठल तोड़िए, अदरक छीलकर बड़े टुकड़ों में काट लीजिये. सारी चीजें मिक्सर में बारीक पीस लीजिये. काली मिर्च, लोंग, दालचीनी और इलाइची छीलकर दरदरा कूट लीजिये.
पैन गरम करके इसमें घी डालिए. घी पिघल जाने के बाद इसमें हल्दी डाल दीजिए और हल्की ब्राउन होने तक चमचे से लगातार चलाते हुये भून लीजिए. भुनी हल्दी को प्लेट में निकाल लीजिये. बचे हुए घी में मटर के दाने भी तलकर निकालकर प्लेट में रख लीजिये
पैन में थोड़ा सा घी डालिये. इसमें हींग, जीरा डाल दीजिए. जीरा तड़कने के बाद, दरदरा कुटा गरम मसाला, धनिया पाउडर, सोंफ पाउडर और टमाटर का पेस्ट डालिये और मसाले के ऊपर घी तैरने तक भून लीजिये. भुने मसाले में दही डालिये और चलाते हुये दही में उबाल आने तक पकाइये. उबलते दही में कटे टमाटर, तली हुई हल्दी और भुनी मटर डालिये और चमचे से चलाते हुये उबाल आने तक पकाइये. नमक डाल दीजिये और सब्जी को 2-3 मिनिट उबलने दीजिये.
सब्जी तैयार हो जाने पर इसमें हरा धनिया डालकर मिला दीजिये और सब्जी को ढककर 15 मिनिट तक रखी रहने दीजिये ताकि हल्दी में सारे मसाले जज्ब हो जायें. स्वादिष्ट हल्दी की सब्जी तैयार है, हल्दी की सब्जी को चपाती या परांठे के साथ परोसिये और खाइये.
सुझाव
- घी में हल्दी भूनने से इसका कड़वापन खत्म हो जाएगा.
- आप हल्दी की सब्जी मटर के बिना भी बना सकते हैं और चाहे तो फूलगोभी को भी छोटा-छोटा काटकर मटर की तरह तलकर यूज कीजिए.
