दिल्ली। रिपोर्ट टाइम्स।
LIVE NEWS & UPDATES
-
दिल्ली की जीत के लिए प्रियंका गांधी ने दी बीजेपी को बधाई
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, “सभी बैठकों से यह स्पष्ट था कि लोग बदलाव चाहते थे. उन्होंने बदलाव के लिए वोट दिया. जो लोग जीते हैं, उन्हें मेरी बधाई. हममें से बाकी लोगों के लिए इसका मतलब बस इतना है कि हमें कड़ी मेहनत करनी होगी, जमीन पर रहना होगा और लोगों के मुद्दों के प्रति उत्तरदायी होना होगा.”
-
आप को कुचलने वाले से दिल्ली मुक्त हुई, न्याय हो गया- कुमार विश्वास
पूर्व आप नेता और कवि कुमार विश्वास ने कहा, “मैं भाजपा को जीत के लिए बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे दिल्ली के लोगों के लिए काम करेंगे. मुझे ऐसे व्यक्ति से कोई सहानुभूति नहीं है जिसने आप पार्टी कार्यकर्ताओं के सपनों को कुचल दिया. दिल्ली अब उससे मुक्त हो चुकी है. उसने उन सपनों का इस्तेमाल अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं के लिए किया. आज न्याय हुआ है. जब हमें जंगपुरा से मनीष सिसोदिया के हारने की खबर मिली, मेरी पत्नी जो गैर-राजनीतिक हैं, रो पड़ीं.”
-
कालकाजी सीट से आतिशी को मिली जीत, बीजेपी के रमेश बिधूड़ी चुनाव हारे
कालकाजी सीट से सीएम आतिशी चुनाव जीत गई हैं. उन्होंने बीजेपी के रमेश बिधूड़ी को चुनाव हरा दिया है. अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया चुनाव हार गए हैं.
-
kalkaji Seat Result: कालकाजी सीट से आतिशी जीतीं, रमेश बिधूड़ी हारे
दिल्ली में बीजेपी की बंपर जीत हो रही है. इस बीच आम आदमी पार्टी ने कालकाजी सीट पर विजय पताका फहराई है. यहां से आतिशी ने जी हासिल की है और रमेश बिधूड़ी को हराया है.
-
केजरीवाल को हराकर अमित शाह से मिलने पहुंचे परवेश वर्मा
नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की हार हुई है. उन्हें बीजेपी के परवेश वर्मा ने हराया है. जैसे ही परवेश वर्मा ने जीत हासिल की वैसे ही वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे हैं.
-
Jangpura constituency: हमने कड़ी मेहनत की, लेकिन 600 वोटों से हारा- मनीष सिसोदिया
जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से आप उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने हार स्वीकार करते हुए कहा, “पार्टी कार्यकर्ताओं ने अच्छा संघर्ष किया, हम सभी ने कड़ी मेहनत की. लोगों ने भी हमारा समर्थन किया, लेकिन मैं 600 वोटों से हारा हूं. मैं जीतने वाले उम्मीदवार को बधाई देता हूं. मुझे उम्मीद है कि वह विधानसभा क्षेत्र के लिए काम करेंगे.”
-
Patparganj Seat Result: अवध ओझा ने अपनी हार स्वीकारी, कहा- अगला चुनाव यहीं से लड़ूंगा.
पटपड़गंज सीट से आप उम्मीदवार अवध ओझा ने अपनी हार स्वीकार करते हुए कहा, “यह मेरी व्यक्तिगत हार है. मैं लोगों से जुड़ नहीं सका. मैं लोगों से मिलूंगा और अगला चुनाव यहीं से लड़ूंगा.”
-
मनीष सिसोदिया हारे चुनाव, जंगपुरा सीट से बीजेपी ने दी मात
दिल्ली प्रचंड जीत की ओर आगे बढ़ रही है. इस बीच जंगपुरा सीट से मनीष सिसोदिया की हार हो गई है. वहीं, नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के ऊपर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं. इसके अलावा कालकाजी सीट से आतशी की हार भी हो सकती है. इस समयआप 24 सीटों पर लीड कर रही है.
-
Delhi Election Results: बीजेपी ऑफिस के बाहर जमकर आतिशबाजी, जश्न में डूबे कार्यकर्ता
दिल्ली चुनाव के रुझानों में भाजपा की दो तिहाई बहुमत के साथ राष्ट्रीय राजधानी में वापसी के बाद भाजपा कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल है. पार्टी कार्यकर्ता जमकर आतिशबाजी कर रहे हैं और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मना रहे हैं.
-
Karawal Nagar Election Result: मोदी जी के नाम और काम का जादू चल गया- कपिल मिश्रा
करावल नगर से बीजेपी उम्मीदवार कपिल मिश्रा आगे चल रहे हैं. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘दिल्ली वालों ने मोदी की गारंटी पर भरोसा किया है. जिस दिन PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक बार मुझे भी दिल्ली की सेवा करने का अवसर दीजिए, उसी दिन से जमीन पर चुनाव पलट गया. मोदी जी के नाम और काम का जादू दिल्ली में चल रहा है. आज झूठ और लूट से दिल्ली की मुक्ति का दिन है.
-
Delhi Result Live Updates: बीजेपी प्रचंड जीत की ओर, झाड़ू के बिखरे तिनके
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रचंड जीत की ओर आगे बढ़ रही है. उसकी लीड लगातार बढ़ती जा रही है. चुनाव आयोग के मुताबिक, बीजेपी 46 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं, आम आदमी पार्टी 24 सीटों पर आगे चल रही है. सबसे खराब स्थिति कांग्रेस की है. उसका इस बार भी खाता खुलते नहीं दिखाई दे रहा है.
-
Delhi Election Result 2025: AAP शराब और पैसे में उलझ गई… अन्ना हजारे ने बोला हमला
दिल्ली चुनाव नतीजों पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा, “मैं लंबे समय से कहता रहा हूं कि चुनाव लड़ते समय उम्मीदवार के पास चरित्र होना चाहिए, अच्छे विचार होने चाहिए और छवि पर कोई दाग नहीं होना चाहिए. लेकिन, उन्हें (आप) यह बात समझ में नहीं आई. वे शराब और पैसे में उलझ गए, इससे उनकी (अरविंद केजरीवाल) छवि खराब हुई और इसलिए उन्हें चुनाव में कम वोट मिल रहे हैं. लोगों ने देखा कि वे (अरविंद केजरीवाल) चरित्र की बात करते हैं लेकिन शराब में लिप्त रहते हैं. राजनीति में आरोप लगते रहते हैं. किसी को यह साबित करना पड़ता है कि वह दोषी नहीं है. सच-सच ही रहेगा. जब बैठक हुई, तो मैंने तय कर लिया कि मैं पार्टी का हिस्सा नहीं रहूंगा और मैं उस दिन से पार्टी से दूर हूं.”
-
Delhi Polls Result Live: पीएम मोदी आज शाम जाएंगे बीजेपी दफ्तर
दिल्ली में बीजेपी प्रचंड जीत की ओर आगे बढ़ रही है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 7 बजकर 45 मिनट पर बीजेपी दफ्तर जाएंगे. वह कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं.
-
Delhi Chunav Result: तिहाड़ जाएंगे केजरीवाल, सभी मॉडल फेल- योगेंद्र चंदोलिया
बीजेपी सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा, “मैं दिल्ली की जनता को पीएम मोदी की अपील सुनने के लिए धन्यवाद देता हूं. केजरीवाल सभी मॉडलों में धराशायी हो गए हैं. यह तय है कि केजरीवाल तिहाड़ जाएंगे. वह सीएम बनना चाहते थे, लेकिन अब वह विधायक भी नहीं रहेंगे. पार्टी हाईकमान द्वारा चुना गया कोई भी पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली का अगला सीएम होगा.”
-
Delhi Election Result: केजरीवाल, सिसोदिया और आतिशी हारेंगे- वीरेंद्र सचदेवा
भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “हम रुझानों का स्वागत करते हैं, लेकिन हम नतीजों का इंतजार करेंगे. हमारा मानना है कि लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट दिया है, जो चुनाव भाजपा के सुशासन बनाम आप के कुशासन पर केंद्रित था…आप के सभी बड़े चेहरे अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आतिशी वे भ्रष्टाचार का चेहरा हैं और वे आज हार जाएंगे.”
-
New Delhi Seat: दिल्ली में बीजेपी बनाएगी सरकार…. संदीप दीक्षित ने स्वीकारी हार
नई दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, “अभी तक तो ऐसा लग रहा है कि वे (भाजपा) सरकार बनाएंगे… हमने मुद्दे उठाए, लेकिन मुझे लगता है कि लोगों ने सोचा कि हम सरकार नहीं बनाने जा रहे हैं, हम लोगों के फैसले को स्वीकार करते हैं.”
-
Delhi Election Results Trends Updates: दिल्ली के लोग ‘प्रयोगात्मक’ राजनीति से तंग आ चुके थे- सुधांशु त्रिवेदी
दिल्ली चुनाव नतीजों के रुझानों पर भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “हम अंतिम नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, हमारा मानना है कि अंतिम नतीजे भाजपा के पक्ष में और भी बेहतर और निर्णायक होंगे. यह दिखाता है कि लोगों को पीएम मोदी के वादों पर कितना भरोसा है. यह हमारे लिए सकारात्मक परिणाम है… दिल्ली के लोग ‘प्रयोगात्मक’ राजनीति से तंग आ चुके थे.”
-
गरीब जनता ने मोदी जी की गारंटी पर दिखाया भरोसा- सुधांशु त्रिवेदी
रुझानों पर भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हम अंतिम नतीजों का इंतजार कर रहे हैं. हमारा मानना है कि अंतिम नतीजे भाजपा के पक्ष में और भी बेहतर और निर्णायक होंगे. यह दिखाता है कि लोगों को पीएम मोदी के वादों पर कितना भरोसा है. यह हमारे लिए सकारात्मक परिणाम है. दिल्ली के लोग ‘प्रयोगात्मक’ राजनीति से तंग आ चुके थे. गरीब जनता को मोदी जी की गारंटी पर भरोसा है.
-
New Delhi Seat Live Updates: केजरीवाल फिर हुए पीछे
नई दिल्ली सीट पर पल-पल आंकड़े बदल रहे हैं. यहां 6 राउंड की मतगणना पूरी हो गई है. अरविंद केजरीवाल 225 वोटों से पीछे हो गए हैं और बीजेपी के परवेश वर्मा ने बढ़त बना ली है.
-
Delhi Election Results: दिल्ली में जीत की तरफ बीजेपी, सचिवालय तक मची हलचल
दिल्ली के रुझानों में बीजेपी बढ़त बनाए हुए है. सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली सचिवालय के आला अधिकारियों को तुरंत ऑफिस पहुंचने का निर्देश दिया गया है. सरकारी दस्तावेज और डाटा प्रोटेक्ट करने के लिए कहा गया है.
-
Delhi Polls Result: मुझे नहीं पता… दिल्ली चुनाव रिजल्ट पर बोलीं प्रियंका गांधी
दिल्ली चुनाव परिणामों पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता, मैंने अभी तक परिणामों की जांच नहीं की है.
-
Delhi Election Results Trends: बीजेपी की संख्या इससे भी बेहतर होगी- मनोज तिवारी
दिल्ली चुनाव नतीजों के रुझानों पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “रुझानों में बीजेपी काफी आगे चल रही है, लेकिन हम नतीजों का इंतजार करेंगे, मुझे लगता है कि हमारी संख्या इससे भी बेहतर होगी. दिल्ली का हर वर्ग AAP से दूर हो चुका है. यह रुझानों में देखा जा सकता है. AAP की निष्क्रियता और भ्रष्टाचार का यही कारण हैं कि उन्होंने लोगों का समर्थन खो दिया है.”
-
10 सीटों पर बीजेपी की लीड दो हजार वोटों से भी कम, क्या दिल्ली में पलटेगी बाजी?
दिल्ली में रुझान चौंकाने वाले सामने आ रहे हैं. बीजेपी 43 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि आम आदमी पार्टी 27 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. दिलचस्प आंकड़ा ये है कि बीजेपी की 10 सीटों पर बढ़त 2000 वोटों से भी कम है और अभी कई राउंड की काउंटिंग होना बाकी है.
-
Delhi Election Result: बीजेपी समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू किया
दिल्ली में बीजेपी बढ़त बनाए हुए है. इस बीच बीजेपी समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है. बीजेपी 42 सीटों पर आगे है, जबकि आम आदमी पार्टी 28 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.
-
Patparganj Assembly Seat Result Live: अवध ओझा ने बीजेपी उम्मीदवार से मिलाया हाथ
पटपड़गंज विधानसभा सीट से भाजपा के रविंदर सिंह नेगी सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मतगणना केंद्र पर आप के उम्मीदवार अवध ओझा से हाथ मिलाया. कांग्रेस के उम्मीदवार अनिल चौधरी भी मौजूद हैं. पटपड़गंज सीट से आप के अवध ओझा पीछे चल रहे हैं और भाजपा के रविंदर सिंह नेगी आगे चल रहे हैं
-
Delhi Chunav Result Live: दिल्ली में बदलने लगे नतीजे, तेजी से बढ़ने लगी AAP
दिल्ली में रुझानों में जबरदस्त बदलाव देखने को मिल रहा है. आम आदमी पार्टी की लीड धीरे-धीरे बढ़ने लग गई है. वह 28 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि बीजेपी 42 सीटों के साथ बढ़त बनाए हुए है. वहीं कांग्रेस का कहीं खाता खुलता नहीं दिखाई दे रहा है.
-
मिल्कीपुर में 6 दौर की गिनती पूरी
मिल्कीपुर सीट पर छठे दौर की गिनती के बाद बीजेपी प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान 17047 वोटों आगे चल रहे हैं.
-
Kalkaji Assembly Constituency Result: आतिशी को विदाई देंगे- रमेश बिधूड़ी
कालकाजी विधानसभा सीट से शुरुआती आधिकारिक रुझानों में बीजेपी आगे चल रही है. पार्टी उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने कहा, ”केजरीवाल दो बार जीते क्योंकि उन्होंने मुफ्त चीजें बांटी और झूठे वादे किए, लेकिन पिछले 10 सालों में उनकी पोल खुल गई. अगर कालकाजी के लोग विकास चाहते हैं, तो वे आतिशी को विदाई देंगे. यह बढ़त (कालकाजी से) कालकाजी के लोगों का आशीर्वाद है. केजरीवाल ने पिछले 10 सालों में दिल्ली में कोई काम नहीं किया. मेरा मानना है कि आपदा खत्म हो रही है और भाजपा सत्ता में आएगी. हम यहां जनता की सेवा करने के लिए हैं, सीएम जैसे किसी पद के लिए नहीं.”
-
Delhi Result Updates: बीजेपी 37, आप 20 सीटों पर आगे- चुनाव आयोग
चुनाव आयोग के मुताबिक, रुझानों में भारतीय जनता पार्टी 37 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं, आम आदमी पार्टी 20 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. इसके अलावा कांग्रेस का खाता नहीं खुला है. अब तक 57 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं.
-
Delhi Result Live: पहली बार केजरीवाल और सिसोदिया का कमबैक
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पहली बार नई दिल्ली सीट से आगे निकले हैं. दो राउंड की वोटों की गिनती के बाद वह 254 वोटों से आगे चल रहे हैं. वहीं, मनीष सिसोदिया ने भी कमबैक किया है.
-
Delhi BJP CM Face: कौन होगा बीजेपी का सीएम? वीरेंद्र सचदेवा ने बताया
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है, ‘केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा (सीएम का चेहरा). यह मुद्दा हमारे लिए ज्यादा मायने नहीं रखता. जो (आप) लोगों को धोखा देंगे, जनता उनका ऐसे ही (हार) हाल करेगी.”
-
Delhi Result: Updates: और लड़ो आपस में… उमर अब्दुल्ला का AAP पर हमला
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि और लड़ो आपस में.
-
Delhi Result: रुझानों में बीजेपी की हाफ सेंचुरी
भारतीय जनता पार्टी ने रुझानों में 50 सेंचुरी मार ली है. वहीं, आम आदमी पार्टी की लीड लगातार कम होती जा रही है. वह 19 सीटों पर आगे चल रही है. कांग्रेस एक सीट पर ही बढ़त बनाए हुए है.
-
Delhi Election Result Live: बीजेपी 19 सीटों पर आगे- चुनाव आयोग
चुनाव आयोग के मुताबिक, रुझानों में बीजेपी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रही है. पार्टी 19 सीटों पर लीड कर रही है, जबकि आम आदमी पार्टी 5 पर बढ़त बनाए हुए है. अब तक 24 सीटों के रुझान सामने आए हैं.
-
Delhi Muslim Seat: मुस्लिम इलाकों में बीजेपी ने दिखाया दम, 12 में से 7 सीटों पर आगे
दिल्ली के शुरुआती रुझानों में चौंकाने वाली स्थिति सामने आ रही है. मुस्लिम इलाकों में बीजेपी का दमदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. 12 इलाकों में से 7 सीटों पर भगवा पार्टी का परचम लहराता हुआ दिखाई दे रहा है.
-
Delhi Result: बीजेपी 6, आप 2 सीटों पर आगे- चुनाव आयोग
चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली के शुरुआती रुझानों में बीजेपी 6 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि आम आदमी 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं, कांग्रेस का खाता नहीं खुला है.
-
Delhi Election Result: बाबरपुर से गोपाल राय और ग्रेटर कैलाश से सौरभ भारद्वाज आगे
दिल्ली में शुरुआती रुझानों में बीजेपी बहुमत के पार हो गई है. वहीं, केजरीवाल टीम ध्वस्त होते दिखाई दे रही है. सिर्फ दो सीटों पर टीम के सदस्य आगे चल रहे हैं. बाबरपुर सीट से गोपाल राय और ग्रेटर कैलाश से सौरभ भारद्वाज ने बढ़त बनाई हुई है.
-
दिल्ली की सभी 70 सीटों के रुझान आए, बीजेपी बहुमत के पार
दिल्ली में सभी 70 सीटों का रुझान सामने आया है, जिसमें बीजेपी 39 सीटों के साथ बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है. वहीं, आम आदमी पार्टी 29 सीटों से आगे चल रही है. अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, आतिशी पीछे चल रही हैं. इस सीटों पर बीजेपी आगे हैं. कांग्रेस ने 2 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है.
-
Kalkaji Seat Result: वोटिंग की गिनती शुरू होते ही रमेश बिधूड़ी ने की पूजा-अर्चना
दिल्ली चुनाव के लिए मतगणना शुरू होने के बाद कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने अपने आवास पर पूजा-अर्चना की. दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री आतिशी इस सीट से आप उम्मीदवार हैं, अलका लांबा कालकाजी सीट से कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर रही हैं.
-
BJP Majority in Delhi: शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बहुमत
दिल्ली में शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बहुमत हासिल कर लिया है. आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की पूरी टीम ध्वस्त हो गई है. वह पीछे चल रही है. वहीं, कांग्रेस का प्रदर्शन फिर से निराशाजनक देखने को मिल रहा है.
-
Delhi Result Live: रुझानों में बहुमत के करीब बीजेपी, केजरीवाल-सिसोदिया पीछे
दिल्ली में शुरुआती रुझानों में चौंकाने वाले आंकड़े देखने को मिल रहे हैं. बीजेपी बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच रही है. वह 31 सीटों पर लीड कर रही है, जबकि आप 20 सीटों पर आगे चल रही है. कांग्रेस सिर्फ 1 सीट पर बढ़त बनाए हुए है.
-
BJP leading in Delhi: बीजेपी 2 सीटों पर आगे- चुनाव आयोग
चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली में बीजेपी 2 सीटों पर आगे चल रही है. हालांकि अभी तक आम आदमी पार्टी का खाता नहीं खुला है.
-
Delhi Chunav Result: दिल्ली चुनाव के बीच कुमार विश्वास का ट्वीट
दिल्ली चुनाव के शुरुआती रुझानों के बीच कुमार विश्वास ने प्रपोज डे पर एक ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा, ‘कभी तुम सुन नहीं पाई, कभी मैं कह नहीं पाया.’
-
Delhi Result: आप हारने जा रही है- वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली चुनाव की मतगणना शुरू होने के साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह ने कल जो बयान दिए हैं, उससे पता चलता है कि वे हारने जा रहे हैं आज दिल्ली की जनता तय करेगी कि वह विकास के साथ चलेगी या भ्रष्टाचार के साथ. मुझे लगता है कि दिल्ली की जनता ने विकास का रास्ता चुना है और परिणाम हमारे पक्ष में होगा.”
-
Delhi Chunav Result: बीजेपी-आप में टक्कर, भगवा पार्टी 15 सीटों पर आगे
दिल्ली में पोस्टल बैलेट में बीजेपी बढ़त बनाए हुए है. वह 15 सीटों पर लीड कर रही है, जबकि आम आदमी पार्टी 12 सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस एक सीट पर ही आगे चल रही है. कुछ देर में ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू होगी.
-
Malviya Nagar Seat Result: आप के सोमनाथ भारती आगे
मालवीय नगर सीट से आप विधायक और उम्मीदवार सोमनाथ भारती आगे चल रहे हैं. इस बीच उन्होंने कहा, “मैंने 11 साल लोगों की सेवा की है, इसलिए मुझे न तो चुनाव की चिंता है और न ही नतीजों की. एग्जिट पोल भाजपा मुख्यालय में बनते हैं, चिंता की कोई बात नहीं है.”
-
Delhi Result 2025: केजरीवाल, आतिशी और सिसोदिया पीछे
दिल्ली चुनाव में वोटों की गिनती जारी है. पोस्टल बैलेट की गिनती की जा रही है. सुबह 8.30 बजे ईवीएम खोले जाएंगे. इस बीच अरविंद केजरीवाल, आतिशी, मनीष सिसोदिया पीछे चल रहे हैं.
-
Jangpura Seat Result 2025: जंगपुरा सीट से मनीष सिसोदिया पीछे
दिल्ली में पोस्टल बैलेट की गिनती जारी है. शुरुआती रुझानों में आप और बीजेपी की कांटे की टक्कर देखी जा रही है. हालांकि कांग्रेस का खाता नहीं खुला है. जंगपुरा सीट से आप उम्मीदवार मनीष सिसोदिया पीछे चल रहे हैं और बीजेपी ने बढ़त बनाई है.
-
Delhi Result 2025: दिल्ली में शुरुआती रुझानों में कांटे की टक्कर
- देवली से आप आगे चल रही है.
- मालवीय नगर से आप आगे.
- रोहिणी से बीजेपी आगे.
- बुराड़ी से आप आगे.
- पटपड़गंज से आप आगे.
-
Delhi Election Counting: दिल्ली में आया पहला रुझान, बीजेपी आगे
दिल्ली विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती जारी है. पहला रुझान सामने आ गया है, जिसमें बीजेपी आगे है.
-
Delhi Election Counting Begins: दिल्ली में वोटों की गिनती शुरू
दिल्ली विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती शुरू हो गई है. थोड़ी देर में पहला रुझान सामने आने वाला है. इस बार आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर दिखाई दे रही है, जबकि कांग्रेस का प्रदर्शन निराशजन कहा जा रहा है.
-
Delhi Key Constituencies Result: दिल्ली की मुख्य सीटों का रिजल्ट यहां देखें
- नई दिल्ली: आप के अरविंद केजरीवाल भाजपा के परवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित के खिलाफ त्रिकोणीय मुकाबले है.
- कालकाजी: आप की आतिशी, कांग्रेस की अलका लांबा और बीजेपी के रमेश बिधूड़ी के बीच कड़ी टक्कर है.
- जंगपुरा: आप ने वरिष्ठ नेता मनीष सिसौदिया को मैदान में उतारा है, जो भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह और कांग्रेस के फरहाद सूरी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं.
- मालवीय नगर: दो बार के विजेता आप के सोमनाथ भारती का मुकाबला भाजपा के सतीश उपाध्याय और कांग्रेस के जितेंद्र कुमार कोचर से है.
- ओखला: दो बार के विजेता आप के अमानतुल्ला खान का मुकाबला कांग्रेस की अरीबा खान, बीजेपी की फिरदोस आलम और एआईएमआईएम की शिफा उर रहमान से है.
- पटपड़गंज: आप के अवध ओझा का मुकाबला कांग्रेस के अनिल कुमार से है.
-
Kalkaji Seat results 2025: ये चुनाव सामान्य नहीं थे, बुराई के खिलाफ लड़ाई थी- आतिशी
दिल्ली की सीएम और कालकाजी से आप उम्मीदवार आतिशी ने कहा, “ये चुनाव सामान्य नहीं थे. यह बुराई के खिलाफ अच्छाई की लड़ाई थी, गुंडागर्दी के खिलाफ काम की लड़ाई थी. मुझे यकीन है कि कालकाजी और दिल्ली के लोग अच्छाई और अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े होंगे.”
-
Delhi Election Results 2025: मतगणना केंद्र लाए गए बैलेट पेपर, थोड़ी में गिनती होगी शुरू
दिल्ली चुनाव 2025 के लिए मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होने वाली है. इस बीच बैलेट पेपर मीराबाई डीएसईयू मतगणना केंद्र, महारानी बाग में लाए गए हैं.
-
Delhi Assembly Election Results: थोड़ी देर में दिल्ली चुनाव के वोटों की गिनती
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जल्द ही शुरू होने वाली है. आप तीसरी बार लगातार जीत की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा दो दशक से अधिक समय बाद राजधानी में सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है. बुधवार को जारी एग्जिट पोल में भाजपा के पक्ष में माहौल दिखाई दिया है, लेकिन आप नेताओं ने पिछले उदाहरणों का हवाला देते हुए उन्हें खारिज कर दिया, जहां उनके प्रदर्शन को कम करके आंका गया था. उन्हें एक और कार्यकाल मिलने का भरोसा है.
-
Delhi Key Seats Result: दिल्ली की मुख्य सीटों का रिजल्ट
- नई दिल्ली सीटः अरविंद केजरीवाल (आप), प्रवेश वर्मा (भाजपा), संदीप दीक्षित (कांग्रेस)
- कालकाजी: आतिशी (आप), रमेश बिधूड़ी (भाजपा), अलका लांबा (कांग्रेस)
- जंगपुरा: मनीष सिसौदिया (आप), तरविंदर सिंह मारवाह (भाजपा), फरहाद सूरी (कांग्रेस)
- मालवीय नगर: सोमनाथ भारती (आप), सतीश उपाध्याय (भाजपा), जितेंद्र कुमार कोचर (कांग्रेस)
- ओखला: अमानतुल्ला खान (आप), फिरदोस आलम (भाजपा), अरीबा खान (कांग्रेस), शिफा उर रहमान (एआईएमआईएम)
-
Moti Nagar Seat Result: 27 साल बाद आज दिल्ली में बीजेपी की वापसी होगी- हरीश खुराना
मोती नगर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी हरीश खुराना ने कहा, “जिस तरह से लोगों से हमें प्रतिक्रिया मिल रही है, उससे न केवल मोती नगर बल्कि पूरी दिल्ली में बीजेपी 50 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने जा रही है. लोग समस्याओं से जूझ रहे थे, लेकिन उनके सवालों का जवाब देने के बजाय अरविंद केजरीवाल और उनका गिरोह आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा था. उनकी कोशिशें विफल हो गई हैं. आज 27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की वापसी होगी.”
-
Delhi Chunav Natije: AAP को मिलेंगी 40-45 सीटें- सौरभ भारद्वाज
ग्रेटर कैलाश सीट से आप उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने कहा, “आप को सत्ता से हटाने की हरसंभव कोशिश की गई, लेकिन जनता का आशीर्वाद आप के साथ है. मेरा मानना है कि जनता अरविंद केजरीवाल को चौथी बार सीएम बनाने जा रही है. कुछ ही दिनों में वह सीएम पद की शपथ लेंगे. हमें अलग-अलग इलाकों से जानकारी मिल रही है कि आप को पूर्ण बहुमत मिलेगा और वह सरकार बनाएगी. आप को कम से कम 40-45 सीटें मिलेंगी.”
-
Greater Kailash Seat Result: नतीजों से पहले सौरभ भारद्वाज ने की पूजा
ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने आज चुनाव नतीजों से पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की.
-
दिल्ली में बीजेपी की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी- दिया कुमारी
राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा, “बीजेपी की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी. पूरे देश को पीएम मोदी की गारंटी पर भरोसा है.
-
Malviya Nagar Seat Result: दिल्ली में भी कमल खिलेगा- सतीश उपाध्याय
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बीजेपी नेता और मालवीय नगर से उम्मीदवार सतीश उपाध्याय ने कहा, ”जिस तरह से देश विकसित भारत बन रहा है, उसी तरह दिल्ली में भी कमल खिलेगा. आप के लिए कोई हैट्रिक नहीं होगी. एग्जिट पोल लोगों का मूड दिखाते हैं.”
-
Kalkaji Election Results: दिल्ली में बदलाव होने जा रहा है- अलका लांबा
मतगणना से पहले कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा: “मुझे पूरा विश्वास है कि दिल्ली बदलाव चाहती है और यह बदलाव आज होने जा रहा है. कांग्रेस 10 साल पहले रुके विकास कार्यों को फिर से शुरू करना चाहती है.”
-
Delhi Election Results: दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था हुई कड़ी
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतगणना आज होने जा रही है इसलिए वोटों की गिनती के बीच केंद्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. मीराबाई डीएसईयू महारानी बाग कैंपस में मतगणना केंद्र पर सुरक्षा कड़ी है.
-
Delhi Assembly Election Results: बहुमत के लिए कितनी चाहिए सीटें?
दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत स्थापित करने के लिए किसी राजनीतिक दल को 36 सीटों की आवश्यकता होती है. अनुमानों से पता चलता है कि भाजपा, जो 1998 से दिल्ली में सत्ता में नहीं है, संभवतः प्रमुख पार्टी के रूप में उभरेगी, जबकि AAP में काफी गिरावट आने का अनुमान है. 2013 तक 15 वर्षों तक दिल्ली पर शासन करने के बाद कांग्रेस पार्टी पिछले दो चुनावों में अपने खराब प्रदर्शन से उबरने का लक्ष्य रखती है, जहां उसे एक भी सीट नहीं मिली थी.
-
New Delhi Seat Result: गठबंधन पर हाईकमान करेगा फैसला- संदीप दीक्षित
नई दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित हैं, “गठबंधन के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है. यह हाईकमान का फैसला है. मतगणना होने दीजिए.”
-
Jangpura Seat Result: आप सरकार बनेगी- मनीष सिसोदिया का दावा
जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से आप उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा है, “हमें पूरा भरोसा है कि (आप) सरकार बनेगी. हमें दिल्ली और बच्चों की शिक्षा के लिए अभी बहुत काम करना है.”
-
Delhi Chunav Result: बीजेपी ने 68 सीटों पर लड़ा है चुनाव
दिल्ली के नतीजों के रुझानों से दोपहर 1 बजे तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि अगले पांच साल तक कौन शासन करेगा. आप और कांग्रेस ने सभी 70 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे, जबकि भाजपा ने 68 सीटों पर चुनाव लड़ा और दो सीटें अपने सहयोगियों जनता दल (यूनाइटेड) और लोकतांत्रिक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लिए छोड़ी. कुल मिलाकर, 699 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, जिनमें 603 पुरुष, 95 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल थे. 5 फरवरी को 15,614,000 रजिस्टर्ड मतदाताओं में से 9,451,997 मतदाताओं ने मतदान किया तथा कुल मतदान प्रतिशत 60.5% रहा.
-
Delhi Election Results: दिल्ली में बीजेपी बनाम आप, 8 बजे से वोटों की गिनती
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले चुनावी मुकाबले का नतीजा कुछ ही घंटों में सामने आ जाएगा. मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ आप और 1998 से विपक्ष में रही भाजपा के बीच माना जा रहा है, लेकिन कांग्रेस एक या दो अप्रत्याशित नतीजों के साथ इस दौड़ को बदल सकती है. मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी और शुरुआती रुझान सुबह 9:30 बजे तक आने की उम्मीद है.
-
Delhi Election Result 2025: नतीजों से पहले दिल्ली विधानसभा भंग
दिल्ली की सातवीं विधानसभा को भंग करने को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है. दिल्ली के उपराज्यपाल ने 7 फरवरी को विधानसभा को भंग करने से संबंधित अधिसूचना जारी की. आज दिल्ली विधानसभा के नतीजों को घोषित किया जाएगा.
Delhi Assembly Election Result 2025 in Hindi LIVE Updates: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं. चुनाव नतीजों से पहले दिल्ली में बीजेपी और आप दोनों ने जीते के दावे किए हैं. ज्यादातर एग्जिट पोल में बीजेपी की सरकार बनने की भविष्यवाणी की गई है. वहीं, दिल्ली के नतीजों से पहले विधानसभा भंग कर दी गई है. हम आपको दिल्ली की सभी 70 सीटों का हर समीकरण बताएंगे.
दिल्ली में इस बार 2020 के मुकाबले 2 फीसदी कम वोटिंग हुई है. चुनाव में 60.92 फीसदी महिलाओं ने वोट किया है. ज्यादातर एग्जिट पोल में BJP को बहुमत मिलता दिखाया गया. अगर उसकी वापसी होती है तो भगवा पार्टी की 27 साल बाद सरकार बनेगी और AAP की जीत हुई तो चौथी बार सरकार बनेगी.
राजनीतिक दलों ने इन मुद्दों पर लड़ा चुनाव
वहीं, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर विधायकों के खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है, जिसकी शिकायत बीजेपी ने एलजी से की और एलजी ने एसीबी को जांच के आदेश दिए. राजधानी में सियासी पारा चढ़ा हुआ है और जमकर राजनीतिक ड्रामेबाजी हो रही है.
इस बार BJP ने बिना सीएम फेस के चुनाव लड़ा है. फ्री बिजली-पानी, यमुना के मुद्दे पर चुनाव लड़ा गया है. साथ ही साथ सभी दलों ने महिलाओं को आर्थिक मदद का वादा किया है.
-
-
