Report Times
Otherझुंझुनूंटॉप न्यूज़देशप्रदेशराजस्थान

मौसम के तीन रंग:सुबह तेज धूप, दोपहर में बादल छाये फिर शाम को हवा के साथ हुई बरसात, बगड़ में गिरे ओले

reporttimes

मौसम में बदलाव का दौर रविवार को भी जारी रहा। सुबह तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास बढ़ा। चक्रवात सक्रिय होने से दोपहर करीब एक बजे आसमान में बादल छा गए तो शाम को जिले के अधिकांश हिस्सों में तेज हवा के साथ बरसात का दौर शुरू हो गया। वहीं बगड़ क्षेत्र में मूंग के आकार के ओले गिरे। जिससे गर्मी से राहत मिली। इससे पहले शनिवार रात को आई आंधी व देर रात को हुई बूंदाबांदी से रात के तापमान में सीजन की सबसे बड़ी गिरावट हुई।

जिससे न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री घटकर 15 दिन बाद 24.4 डिग्री हो गया। इससे पहले यह 7 मई को 24.3 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि रविवार को शाम तक गर्मी रहने से अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री बढ़कर 42.5 डिग्री पर आ गया। पिलानी मौसम विज्ञान केंद्र पर रविवार को अधिकतम तापमान 40.2 से बढ़कर 42.5 डिग्री हो गया। जबकि न्यूनतम तापमान 31.5 से घटकर 24.4 डिग्री पर आ गया। अगले दो दिन तक गर्मी का असर कम रहने की संभावना है।

चक्रवात की सक्रियता बढ़ने से आज अच्छी बरसात होने की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिक सुरेंद्र अहलावत ने बताया कि जिले में चक्रवात का असर शुरू हो गया है। जिसका असर बढ़ने से सोमवार को भी जिले में कहीं आंधी तो कहीं तेज हवा के साथ बरसात होगी और तापमान में गिरावट होगी। उन्होंने बताया कि इस चक्रवात का असर करीब दो दिन रहेगा। इसके बाद उष्ण लहर का असर शुरू हो जाएगा। जिससे गर्म हवा के साथ लू का असर बढ़ेगा और वापस तापक्रम में बढ़ोतरी होगी।

महनसर में सड़कों पर भरा पानी
बिसाऊ में महनसर में आंधी के साथ आई थोड़ी सी बारिश से बाजार में नालियां अवरूद्ध होने से सड़कों पर पानी भर गया। हीरालाल सैनी के अनुसार महनसर में देर शाम आई आंधी के साथ हल्की बारिश से बाजार की नालियां कचरे आदि से अवरूद्ध होने के कारण सड़क पर पानी भर गया। इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कत हुई। उधर बिसाऊ में भी आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। इससे गर्मी से राहत के बजाय उमस होने से गर्मी और बढ़ गई।

सिंघाना में पिछले चार दिन से बढ़ गर्मी से रविवार शाम को आंधी के साथ हुई बरसात से राहत मिली। बरसात होने से मौसम सुहाना हो गया। शनिवार शाम को क्षेत्र में धूलभरी आंधी चली। इसके बाद रविवार सुबह से ही दोपहर तक गर्मी रही। दोपहर बाद बादल छा गए और शाम करीब 6 बजे आंधी के साथ करीब दस मिनट बरसात हुई। ठंडी हवाएं चलने से तापमान की गिरावट हुई।

बगड़ में मूंग के आकार के ओले गिरे
बगड़ में तेज गर्मी से रविवार शाम को हुई बरसात से राहत मिली। पहले बूंदाबांदी हुई। इसके बाद तेज हवा के साथ तेज बरसात हुई। जो करीब 15 मिनट चली। बरसात के साथ कुछ देर तक मूंग के आकार के ओले भी गिरे।

सुलताना में शाम को मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा के बाद बरसात का दौर शुरू हुआ। इससे पहले शनिवार शाम को बूंदाबांदी के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। बरसात के बाद ठंडी हवा से लोगों को गर्मी से राहत मिली। खेतड़ी नगर में दो दिन से बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं रविवार शाम को तेज अंधड़ के साथ हल्की बरसात हुई। जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे। शाम करीब 5.30 बजे आसमान में धूल के गुबार छा गए और देखते ही देखते तेज अंधड़ शुरू हो गया। तेज अंधड़ के कारण बिजली गुल रही।

उदयपुरवाटी में शहर सहित इलाके में रविवार की शाम अचानक तेज आंधी व हल्की बरसात आने से लोगों को काफी परेशानी हुई। शादी वाले घरों में तैयारियों पर पानी फिर गया। तेज हवा चलने से कुछ देर के लिए बिजली सप्लाई भी बाधित रही। हल्की बरसात से लोगों को गर्मी में राहत मिली है। कल भी बारिश की संभावना जताई जा रही है।

मंडावा में क्षेत्र में दिन भर गर्मी के बाद शाम को आंधी आई। कुछ देर बाद तेज गर्जना के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। धूल के गुब्बार व बादलों के कारण कुछ देर के लिए दिन में भी अंधेरा हो गया।

Related posts

टीम ग्रीन बाग द्वारा दिया गया पर्यावरण सुरक्षा का संदेश

Report Times

श्रद्धालुओं की मौत का आंकड़ा बढ़ा, केदारनाथ यात्रा के दौरान अब तक 24 की मौत

Report Times

IDFC बैंक के पूर्व मैनेजर ने बनाए 10 फर्जी अकाउंट… 55 लाख रुपये का गबन, दिया बड़े ठगी को अंजाम

Report Times

Leave a Comment