Report Times
latestOtherकार्रवाईक्राइमझुंझुनूंटॉप न्यूज़ताजा खबरेंराजस्थानसोशल-वायरलस्पेशल

राजस्थान में झुंझुनूं SP देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने अपराधी पर रखा 50 पैसे का इनाम, आदेश सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

REPORT TIMES 

राजस्थान पुलिस का एक आदेश सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. इस आदेश में राजस्थान पुलिस ने एक अपराधी पर 50 पैसे का इनाम घोषित किया है. इनाम की यह राशि अपराधी को पकड़वाने वाले व्यक्ति को मिलेगा. सोशल मीडिया में आदेश की कॉपी वायरल होने के बाद लोग तरह तरह के कमेंट कर रहे हैं. लोग इस आदेश पर सवाल उठा रहे हैं. पुलिस से पूछ रहे हैं कि आखिर 50 पैसे इनाम के लिए कौन व्यक्ति पुलिस की मुखबिरी कर सकता है. हालांकि अब पुलिस ने इस मामले में सफाई दी है. कहा है कि इनाम की राशि लिखने में मानवीय भूल हुई है और इसे सुधारा जा रहा है. मामला राजस्थान के झूंझनू जिले का है. सोशल मीडिया में वायरल आदेश पत्र यहां के एसपी देवेंद्र कुमार के हस्ताक्षर से जारी किए गए हैं. बड़ा सवाल यह है कि जिस मुंशी ने यह आदेश पत्र टाइप किया तो इसे पेशकार ने क्यों नहीं पढ़ा? यदि पेशकार की भी नजर नहीं पड़ी तो खुद एसपी देवेंद्र कुमार ने आंख बंद कर हस्ताक्षर कैसे कर दिए? ऐसे ही कई सवाल और भी हैं, लेकिन झूंझनू पुलिस ने इन सभी सवालों से बचते हुए एक लाइन की सफाई दी है कि मानवीय भूल से यह यह गलती हुई है और इसे सुधारा जा रहा है.

शस्त्र अधिनियम में वांछित है अपराधी

जानकारी के मुताबिक झुंझुनूं जिले में सिंघाना थाना क्षेत्र के रहने वाला एक अपराधी योगेश उर्फ योगी लंबे समय से फरार चल रहा है. इसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है. बार बार समन जारी होने के बाद भी कोर्ट में वह हाजिर नहीं हो पा रहा है. ऐसे में कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करते हुए उसकी गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं.इधर, बार बार की दबिश के बाद भी इस अपराधी का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने अब उसके खिलाफ इनाम घोषित किया है. दो दिन पहले यानी 12 फरवरी को एसपी देवेंद्र कुमार के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश में कहा गया है कि जो भी व्यक्ति इस वांछित अपराधी के बारे में सूचना देगा या उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करेगा, उसे झूंझनू पुलिस की ओर से 50 पैसे का इनाम दिया जाएगा. सोशल मीडिया में लोगों ने पुलिस के इस आदेश पर चुटकी ली है.इसमें कहा है कि एक चाय भी 10 रुपये में मिलती है. एक रोटी भी आठ से 10 रुपये की है. ऐसे में कोई व्यक्ति महज 50 पैसे के लिए पुलिस की मुखबिरी क्यों करेगा. इतने पैसे में कोई व्यक्ति किसी अपराधी से दुश्मनी कैसे मोल ले सकता है.

पुलिस ने बताया मानवीय भूल

हालांकि खूब किरकिरी कराने के बाद झूंझनू पुलिस ने इसे मानवीय भूल बताते हुए सुधार कराने की बात कही है. पुलिस ने बताया कि जल्द ही संशोधित आदेश निकाला जाएगा. बता दें कि राजस्थान ही नहीं, देश भर में फरार अपराधियों पर पुलिस इनाम घोषित करती है.इनाम राशि घोषित करने के पीछे कानून व्यवस्था बनाए रखने में आम आदमी की भूमिका सुनिश्चित करना होता है. माना जाता है कि इनाम के लालच में लोग अपराधियों के बारे में सूचना देंगे. आम तौर पर यह राशि मुखबिरों को मिलती है, जो सामान्य नागरिक के रूप में जीवन जीते हुए समाज की छोटी मोटी सूचनाएं पुलिस को देते रहते हैं.

Related posts

सही बीज का चयन है सफल खेती का आधार : कृष्ण रतेरवाल

Report Times

नए ईओ ने संभाला कार्यभार, पार्षदों ने किया स्वागत

Report Times

3 मिनट में पहुंच रही पुलिस क्या है ये एप जो लड़कियों के लिए बन गई मसीहा

Report Times

Leave a Comment