REPORT TIMES : अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान हादसे के बाद एयरलाइनों के लिए यह सप्ताह उथल-पुथल भरा रहा. इस हादसे के बाद से तकनीकी खराबी, सुरक्षा खतरों सहित तमाम कारणों से कई उड़ानों को रद्द या फिर डायवर्ट किया गया. इस बीच एअर इंडिया ने शुक्रवार को 8 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया है. इसमें 4 अंतरराष्ट्रीय और 4 घरेलू उड़ान शामिल हैं. विमानन कंपनी ने उड़ान रद्द करने का कारण रखरखाव और परिचालन संबंधी दिया है. इस संबंध में एअर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर जानकारी दी है.

एयरलाइन ने यात्रियों को पूरा रिफंड या मुफ्त रीशेड्यूलेशन की पेशकश की है और वैकल्पिक यात्रा योजनाओं के साथ यात्रियों की मदद कर रही है. बयान में कहा गया है, ‘हमें यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है. हमारे ग्राउंड पर मौजूद सहकर्मी उनके लिए जल्द से जल्द अपने गंतव्यों तक उड़ान भरने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं. यात्रियों को कैंसिलेशन पूरा रिफंड या रीशेड्यूलेशन देने की पेशकश की गई है.’


