Report Times
latestOtherकरियरजयपुरटॉप न्यूज़ताजा खबरेंराजनीतिराजस्थानविधानसभा चुनावस्पेशल

योगी से लेकर महारानी तक… राजस्थान में इस बार बीजेपी के सात सांसदों की साख दांव पर

REPORT TIMES 

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं. राजस्थान में इस बार ‘राज और रिवाज’ बदलने को लेकर लड़ाई है. एक तरफ बीजेपी है जिसे राज बदलने से उम्मीद है तो दूसरी ओर कांग्रेस है, जो इस बात पर कायम है कि राज्य में इस बार रिवाज बदलने जा रहा है. हालांकि आखिरी फैसला जनता को ही करना है. राजस्थान में पिछले कई दशक से एक ट्रेंड रहा कि हर पांच साल में सत्ता बदल जाती है. बीजेपी होती है तो कांग्रेस आ जाती है और अगर कांग्रेस रहती है तो बीजेपी आ जाती है. राज्य की 200 विधानसभा सीटों में से 199 पर मतदान हो रहा है. इस बार के चुनाव में 5.25 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डालेंगे. इस बार का चुनाव इसलिए भी नाक की लड़ाई बन गई है क्योंकि बीजेपी ने गहलोत को सत्ता से बेदखल करने के लिए सात सांसदों को मैदान में उतारा है. आखिर ये सात सांसद कौन हैं और कहां से चुनाव मैदान में हैं ये जान लेते हैं.

1- झोटवाड़ा से सांसद राज्यवर्धन राठौर

बीजेपी ने इस बार के चुनाव में सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर को राजस्थान की झोटवाड़ा सीट से मैदान में उतारा है. ओलंपिक में भारत को पदक दिलाने वाले राठौर 2014 में पहली बार सांसद बने थे. फिलहाल वो जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से सांसद हैं. राजस्थान में गहलोत को सत्ता से दूर करने के लिए बीजेपी ने राज्यवर्धन सिंह राठौर को टिकट दिया है. राठौर के सामना कांग्रेस के अभिषेक चौधरी से है. अभिषेक चौधरी जो कि राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्र नेता भी रह चुके हैं.

2- विद्याधर नगर ने दीया कुमारी

बीजेपी ने राजस्थान की राजसमंद लोकसभा सीट से सांसद दीया कुमारी को भी मैदान में उतारा है. पार्टी ने दीया कुमारी को जयपुर की विद्याधर नगर विधानसभा सीट से टिकट दिया है. दीया कुमारी को लेकर राजस्थान की सियासत में चर्चा है कि बीजेपी को अगर जीत मिलती है तो उन्हें मुख्यमंत्री भी बना सकती है. दीया कुमार ने साल 2013 में बीजेपी ज्वाइन किया था. 2013 से 2018 तक वो सवाई माधोपुर से विधायक भी रहीं.

3- तिजारा से बालक नाथ (योगी)

बालक नाथ को राजस्थान का ‘योगी’ भी कहा जाता है. बालक नाथ अलवर सीट से सांसद भी हैं. बीजेपी ने जब से बालकनाथ के नाम का ऐलान किया है तब से उनकी ओर से कई विवादित बयान भी दिए गए हैं. बीजेपी ने इन्हें तिजारा विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है. दूसरी ओर से कांग्रेस ने बालकनाथ को टक्कर देने के लिए इमरान खान को टिकट दिया है. इमरान खान को मैदान में उतारे जाने के बाद बालकनाथ ने कहा था कि इस बार का मुकाबला कोई आम मुकाबला नहीं बल्कि भारत-पाकिस्तान का मैच है.

4- मंडावा से नरेंद्र कुमार

बीजेपी ने अपने चौथे सांसद नरेंद्र कुमार को मंडावा विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है. मंडावा की सीट झुंझुनू जिले में आती है. फिलहाल इस सीट पर कांग्रेस का कब्जा है और रीता चौधरी विधायक हैं. कांग्रेस ने इस बार भी रीता चौधरी को ही मैदान में उतारा है. मंडावा में नरेंद्र कुमार को उतारने के पीछे एक वजह ये भी है कि इस क्षेत्र की गिनती कांग्रेस के गढ़ के रूप में होती है. 2013 के विधानसभा चुनाव में नरेंद्र कुमार ने निर्दलीय चुनाव लड़ते हुए रीता चौधरी को मात दी थी.

5- किशनगढ़ से भागीरथ चौधरी

बीजेपी इस बार सांसद भागीरथ चौधरी को भी विधानसभा चुनाव लड़ा रही है. बीजेपी ने भागीरत को किशनगढ़ से मैदान में उतारा है. भागीरथ चौधरी फिलहाल अजमेर लोकसभा सीट से सांसद हैं. बीजेपी ने इस बार जैसे ही भागीरथ चौधरी के नाम का ऐलान किया विकास चौधरी ने पार्टी में बगावत करते हुए कांग्रेस का दामन थाम लिया. विकास चौधरी 2018 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े थे. अब कांग्रेस ने भागीरथ के खिलाफ विकास चौधरी को टिकट दिया है. ऐसे में आज इनके भी भाग्य का फैसला होगा.

6- सांचौर से देवजी एम पटेल

राजस्थान बीजेपी ने सांचौर विधानसभा सीट से सांसद देवजी एम पटेल को उम्मीदवार घोषित किया है. बीजेपी ने इस सीट पर इसलिए देवजी एम पटेल को उतारा है क्योंकि पिछले तीन बार से सीट पर कांग्रेस का कब्जा रहा है. राजस्थान में देवजी एम पटेल की गिनती बीजेपी के कद्दावर नेताओं में होती है. देवजी पटेल 2009, 2013 और 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं और तीनों ही बार उन्होंने जीत हासिल की है.

7- सवाई माधोपुर से किरोड़ी लाल मीणा

बीजेपी ने इस बार राजस्थान की सवाई माधोपुर विधानसभा सीट पर राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा को भी मैदान में उतारा है. सवाई माधोपुर सीट की गिनती कांग्रेस के गढ़ के रूप में होती है. 2018 के विधानसभा चुनाव में भी इस सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी. ऐसे में बीजेपी ने कांग्रेस के गढ़ में सेंधमारी के लिए किरोड़ी लाल मीणा को मैदान में उतारा है. दूसरी ओर कांग्रेस ने अपने मौजूदा विधायक दानिश अबरार को टिकट दिया है. राजस्थान की राजनीति में अच्छी पकड़ रखने वाले किरोड़ी लाल मीणा, मीणा जनजातीय समूह का नेतृत्व करते हैं.

Related posts

चीन के केंद्रीय बैंक ने इंडिया में चुपके से बना लिया 40,000 करोड़ का पोर्टफोलियो

Report Times

शहर में होंगे हिंदू नव वर्ष के स्वागत में कार्यक्रम

Report Times

Rajasthan budget: डिप्टी CM दीया कुमारी ने राजस्थान बजट पेश करने से पहले दिए ये संकेत, उपचुनाव से पहले बजट होगा खास

Report Times

Leave a Comment